Rahul today answer to notice of Election Commission


 Rahul Gandhi

Hindi News: नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के चुरू और मध्य प्रदेश के इंदौर में जनसभा में दिए गए भाषणों में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोपों को लेकर जवाब देने के लिए चुनाव आयोग से मिले नोटिस पर सफाई देने के लिए सोमवार को एक हफ्ते का समय मांगा है।
गौरतलब है कि भाजपा ने चुनाव आयोग से राहुल गांधी पर इन भाषणों से सांप्रदायिकता भड़काने की कोशिशों का आरोप लगाते हुए कई शिकायतें की थीं। अपनी चुनावी रैलियों में राहुल गांधी ने मुजफ्फरनगर दंगों को मुद्दा बनाया था। उन्होंने इंदौर की अपनी एक चुनावी रैली में कहा था, कि भाजपा समझती है कि जब तक उत्तर प्रदेश में हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा नहीं होगा, वह अच्छा नहीं कर सकेगी। इसलिए वह आग लगाती है और उसे बुझाना कांग्रेस को पड़ता है।
भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी ने ऐसा कहकर चुनाव आचार संहिता का उल्लघंन किया है। भाजपा ने अपने चुनाव आयोग को भेजे गए छह पन्नों की शिकायत में यह भी लिखा है कि राहुल गांधी ने इंदौर में कहा था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ मुजफ्फरनगर दंगों के पीड़ित मुस्लिम युवकों के संपर्क में हैं।
Source- News in Hindi 
Related-

IB has alerted about threat to Narendra Modi


 Narendra Modi

Hindi News: नई दिल्ली। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले को लेकर आइबी ने पंजाब पुलिस को अलर्ट किया है। नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने के लिए पाकिस्तान स्थित पंजाब के पूर्व सिख कट्टरपंथियों को विस्फोटकों के साथ भारत भेजने की तैयारी में है। आइबी ने इस मद्देनजर अलर्ट जारी कर दिया है।
खुफिया जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी सीमा से विस्फोटकों के साथ ऐसे लोगों की घुसपैठ की कोशिश की जा रही है जो पंजाब में आतंकवाद में शामिल रहे हैं। विस्फोटकों का इस्तेमाल मोदी की रैलियों में किया जा सकता है। गौरतलब है कि मोदी कई आतंकी संगठनों के निशाने पर हैं। गृह मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोदी को निशाना बनाने के लिए आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा, हिजबुल मुजाहिदीन और शाहिद बिलाल एक हो गए हैं। आइएसआइ के इशारे पर इन संगठनों ने फिलहाल इंडियन मुजाहिदीन को ऑपरेशन का जिम्मा सौंपा है।
सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मोदी को आतंकी संगठनों के अलावा अंडरव‌र्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से भी खतरा है। उधर, एक अधिकारी ने बताया कि मोदी की सुरक्षा को लेकर इनपुट्स काफी दिन पहले मिल गए थे। वहीं, स्पेशल सेल के एक अधिकारी ने बताया कि आइएसआइ के इशारे पर ही रियाज भटकल व यासीन भटकल के निर्देश पर तहसीम ने मोदी की पटना में हुंकार रैली में धमाके करवाए थे। रियाज भटकल ने ही बोधगया में भी बम धमाके कराए थे।
Source- News in Hindi 
Related-

Shahrukh Khan ready to work with Salman Khan

Shahrukh Khan
सलमान के साथ काम करने को तैयार शाहरुख
Hindi News: मुंबई। बॉलीवुड के दो खान सलमान और शाहरुख के बीच के रिश्ते किसी से छिपे नहीं हैं। लेकिन अब शाहरुख की बात पर यकीन किया जाए तो 'करण-अर्जुन' की यह जोड़ी फिर से एक साथ एक फिल्म में दिखाई दे सकती है।
शाहरुख से पूछा गया, क्या दोनों खान कभी दोबारा साथ फिल्म करेंगे तो उन्होंने कहा, 'अगर कोई निर्माता-निर्देशक अच्छी स्क्रिप्ट लेकर आए तो हो सकता है कि हम दोनों साथ काम कर लें। अगर ऐसा होता है तो बहुत अच्छा होगा और ऐसा नहीं होता है तो भी कोई बात नहीं।'
शाहरुख ने इस बात से भी इनकार किया कि सलमान और उनके बीच स्वाभिमान की लड़ाई है। शाहरुख ने कहा कि उनके और सलमान के मन में एक-दूसरे के लिए कोई दुर्भावना नहीं है। बस उन दोनों के रास्ते अलग-अलग हैं। शाहरुख ने कहा कि दोनों के बीच कोई ईगो क्लैश नहीं है। दोनों एक-दूसरे की और एक दूसरे के परिवार की इज्जत करते हैं।
सलमान और शाहरुख आखिरी बार 11 साल पहले एक साथ एक फिल्म (हम तुम्हारे हैं सनम) में नजर आए थे। दोनों की जोड़ी करण-अर्जुन और कुछ-कुछ होता है में भी सिल्वर स्क्रीन पर नजर आई थी।


Enhanced by Zemanta

Gangrape of riot victim in Muzaffarnagar, Stress


Muzaffarnagar riots

Hindi News: लखनऊ। दंगा पीड़ित महिला के साथ एक शर्मसार करने वाली घटना के बाद मुजफ्फरनगर में एक बार फिर तनाव शुरू हो गया है। तनाव इस बार एक महिला के साथ हुए गैंगरेप के बाद शुरू हुआ। फुगाना इलाके के राहत कैंप में रह रही एक महिला के साथ दो युवकों ने बारी-बारी से रेप किया। आरोप है कि जब वो कैंप से बाहर गई तो सचिन और सुनील नाम के दो युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
पीड़ित महिला को जान से मारने की धमकी भी दी गयी है। पुलिस के मुताबिक मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल गरमा गया है।
गौरतलब है कि मुजफ्फरनगर दंगों के बाद कुछ परिवार राहत कैंपों में शरण लिए हुए हैं।
Source- News in Hindi 
Related-
Enhanced by Zemanta

Tomorrow will be test of faith Shobhan Sarkar


Unnao

Hindi News: उन्नाव [जासं]। खजाने के दावे पर अब मंगलवार को संत शोभन सरकार की अग्निपरीक्षा का दिन माना जा रहा है। खजाने को लेकर हर ओर एक ही सवाल गूंज रहा है कि खजाना मिलेगा या नहीं। यही सवाल अब पूरी फिजा में तैर रहा है।
शनिवार को राजा राव रामबक्स सिंह के किले में खुदाई का काम कर रहे मजदूरों ने कंकरीट की चट्टान तोड़ दी है। चट्टान के नीचे मिट्टी निकल आई है। साथ ही संत शोभन सरकार के शिष्य ओम बाबा ने नया दावा कर दिया है। दावे के मुताबिक संत शोभन सरकार खुदाई स्थल आएंगे और सोना निकलेगा।
ओम बाबा के दावे का दम मंगलवार को देखने को मिलेगा, क्योंकि छुट्टी के बाद अब मंगलवार को खुदाई का काम शुरू होगा। पूरे इलाके में ही नहीं दीपावली पर हर चौपाल में खजाने की बात ही चर्चा में है। वहीं दीपावली पर राजा राव रामबक्स सिंह के किले में बने शिव मंदिर में दीपावली पर्व पर दीप जलाने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे।
Source- News in Hindi 
Related-
Enhanced by Zemanta

Shweta Menon withdraws complaint

Shweta menon
लाइव डिलीवरी कराने वाली श्वेता मेनन ने छेड़छाड़ करने वाले सांसद को 'माफ' किया
Hindi News: नई दिल्ली। दक्षिण भारतीय अभिनेत्री श्वेता मेनन ने केरल के कांग्रेस सांसद एन. पीतांबरा कुरुप को अपने साथ छेड़छाड़ के मामले में माफी देते हुए केस वापस ले लिया। श्वेता मेनन वहीं अभिनेत्री हैं, जिन्होंने पिछले साल अपनी एक मलयालम फिल्म 'कलीमन्नू' के लिए अपनी डिलीवरी की रिकॉर्डिग कराई थी और इस फिल्म ने अवार्ड भी जीता था।
श्वेता मेनन ने कांग्रेस सांसद कांग्रेस सांसद एन. पीतांबरा कुरुप पर एक समारोह के दौरान उनके साथ छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। अब श्वेता का कहना है कि सांसद ने उनसे माफी मांग ली है।
हालांकि, पहले इस अभिनेत्री ने न तो सांसद का नाम लिया और न ही इस बारे में पुलिस में कोई औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। लेकिन बाद में इस सांसद के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उनके नाम का खुलासा हो गया। अपने आरोपों को साबित करने के लिए श्वेता ने एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें 73 वर्षीय सांसद एन. पीतांबरा अभिनेत्री को छूते नजर आ रहे हैं।
यह घटना शुक्त्रवार शाम कोल्लम में प्रेसीडेंट्स ट्राफी बोट रेस के दौरान की है। मामला सामने आने के बाद महिला संगठनों के अलावा फिल्म जगत की ओर से कड़ी नाराजगी जाहिर की गई थी।

Enhanced by Zemanta

BSE ends at all-time closing high of 21,196.81


Sensex

News in Hindi:मुंबई। दिवाली से पहले दलाल स्ट्रीट में नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। बैंक और ऑटो शेयरों की अगुवाई में त्योहारी धमाके से बंबई शेयर बाजार [बीएसई] का सेंसेक्स हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को अब तक के सबसे उच्च स्तर 21293.88 अंक पर पहुंच गया। यह विक्रम संवत 2069 का भी आखिरी दिन था। इससे पहले 10 जनवरी, 2008 को इसने 21206.77 अंक का सबसे ऊंचा रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, कारोबार की समाप्ति पर इस दिन सेंसेक्स 32.29 अंक चढ़कर 21196.81 अंक पर बंद हुआ। यह भी इसकी नई ऊंचाई है। एक दिन पहले गुरुवार को ही यह 21164.52 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज [एनएसई] का निफ्टी 8.05 अंक उछलकर 6307.20 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को यह 6299.15 अंक पर रहा था। दलाल स्ट्रीट में त्योहारी तेजी का शुक्रवार को चौथा दिन था। पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स 594.24 अंक ऊपर चढ़ चुका है। दिवाली के दिन रविवार को बीएसई और एनएसई में शाम 6.15 बजे से 7.30 बजे तक मुहुर्त ट्रेडिंग होगी।
धनतेरस के मौके पर सिर्फ शेयर बाजार में ही रौनक रही। ऑटो और सराफा बाजार सहित अर्थव्यवस्था के दूसरे हिस्सों पर महंगाई का असर साफ नजर आ रहा है। इन बाजारों की चमक फीकी रही।
Enhanced by Zemanta

Auto sector sales down during festival seasons


Auto sector

News in Hindi:नई दिल्ली [जाब्यू]। दो दशक बाद पहली बार ऐसा मंजर देखने को मिल रहा है जब धनतेरस के दिन कार शोरूम में भीड़ नहीं है। राजधानी के बड़े-बड़े शोरूम जो दशहरे के बाद ही जगमगा उठते थे, इस दिन ग्राहकों के लिए तरसते रहे। अक्टूबर, 2013 के आंकड़े बताते हैं कि मारुति, हुंडई, महिंद्रा एंड महिंद्रा व टाटा मोटर्स जैसी दिग्गज कार कंपनियों की बिक्री बहुत ही निराशाजनक रही है। हालांकि, नए मॉडल पेश करने वाली कार कंपनियों और दोपहिया कंपनियों की बिक्री संतोषजनक रही है।
घरेलू कार बाजार में 40 फीसद से ज्यादा हिस्सेदारी रखने वाली मारुति सुजुकी की सिर्फ एक कार स्विफ्ट डिजायर की बिक्री अक्टूबर में ठीक रही है। नहीं तो ऑल्टो से लेकर आर्टिगा तक की बिक्री घटी है। वैसे निर्यात में 27 फीसद की वृद्धि हुई है। इस वजह से मारुति की कुल बिक्री पिछले महीने 1.9 फीसद बढ़ पाई है। घरेलू बाजार में कंपनी ने 96,062 कारों की बिक्री है जो अक्टूबर, 2012 से सिर्फ 0.1 फीसद ज्यादा है। दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी हुंडई मोटर्स इंडिया की घरेलू बिक्री में सिर्फ 0.6 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। हुंडई का तो निर्यात बाजार भी बिगड़ता दिख रहा है क्योंकि इसके निर्यात में 38 फीसद की गिरावट हुई है। टाटा मोटर्स की बिक्री में 33 फीसद की गिरावट दर्ज हुई है। महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू बिक्री में 6.8 फीसद की कमी देखी गई है।
सुस्ती के इस माहौल के बावजूद होंडा सिएल कार्स ने अपनी नई कार अमेज की बदौलत बिक्री में 39 फीसद की तेजी दर्ज की है। मांग ज्यादा होने की वजह से कंपनी के प्लांट में तीन शिफ्टों में काम हो रहा है। इसी तरह से फोर्ड मोटर इंडिया भी अपनी नई पेशकश इकोस्पोर्ट की बदौलत बेहतर प्रदर्शन कर रही है। कंपनी के वाहनों की बिक्री में इस महीने 21 फीसद का इजाफा हुआ है। जनरल मोटर्स के कारों की बिक्री में 14 फीसद की वृद्धि हुई है।
Enhanced by Zemanta

Avoid Unwanted calls and SMS by Phone Warrior


Unwanted call and sms

Hindi News: नई दिल्ली। महेश अग्रवाल के पास ऑफिस की एक मीटिंग के दौरान फोन पर मैसेज आया, अगर आपको अपना मोटापा घटाना है, वजन बढ़ाना है, हाइट बढ़ानी है तो इस नंबर पर संपर्क करें। कुछ ही देर बात एक और मैसेज आया, दिल्ली-एनसीआर में 2बीएचके, 3बीएचके फ्लैट खरीदें। इसके बाद एक और एसएमएस-सस्ती प्रीमियम दर पर जीवन बीमा कराएं। मैसेज से काम नहीं बना तो एक घंटे बाद कॉल कर एक महिला ने भी यही सवाल पुछा। ये सब उस मोबाइल नंबर पर हुआ जिसपर 'डु नॉट डिस्टर्ब' (डीएनडी) सेवा चालू थी।
ये घटना केवल महेश के साथ ही नहीं बल्कि अधिकांश भारतीय मोबाइल उपभोक्ताओं के साथ घटती है। ऐसे करीब 15 मैसेज और कई फोन कॉल्स प्रति दिन परेशान करते ही हैं। त्योहारों में तो टेली मार्केटिंग कंपनियां सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा एसएमएस और कॉल करती हैं। उपाय क्या है? फोन तो बंद कर नहीं सकते।
फिलहाल भारत में स्मार्टफोन का इस्तेमाल बढ़-चढ़ कर किया जा रहा है। एंड्रॉयड, विंडो फोन की बाजार में भरमार भी है। इसका तोड़ मोबाइल एप्लीकेशन कंपनी 'फोन वॉरियर' ने निकाला है। फोन वॉरियर का स्मार्टफोन एप्प को एंड्रॉयड, ब्लैकबेरी और नोकिया फोन पर डाउनलोड किया जा सकता है।
Source- News in Hindi 
Related-
Enhanced by Zemanta

Anushka turns producer with NH-10

anushka sharma
एनएच-10 से प्रोड्यूसर बनीं अनुष्का
News in Hindi: मुंबई। अपने छोटे से फिल्मी करियर में कई हिट फिल्मों की हीरोइन रह चुकी अनुष्का शर्मा अब अपनी आने वाली फिल्म एनएच-10 से प्रोड्यूसर बनने जा रही हैं। इसके साथ ही वह एक्टर से प्रोड्यूसर बनने वाले बॉलीवुड हस्तियों की जमात में शामिल हो जाएंगी। अनुष्का फैंटम प्रोडक्शन के साथ मिलकर एनएच-10 को प्रोड्यूस करेंगी।
अनुष्का जो नवदीप सिंह की आने वाली फिल्म एनएच-10 में मुख्य किरदार में हैं को इस फिल्म की स्क्रिप्ट इतनी पसंद आई कि उन्होंने फैंटम के साथ मिलकर इसका सह-निर्माण करने का फैसला ले लिया। 25 वर्षीय अनुष्का एक्टर से प्रोड्यूसर बनने वाली सबसे कम उम्र की अदाकारा हैं। अनुष्का कहती हैं कि इतनी थोड़े समय में यह अवसर मिलने से वह बहुत ही रोमांचित हैं। एनएच-10 से बढि़या मौका और नहीं हो सकता था मेरे फिल्मी करियर को नया मोड़ देने के लिए। बॉम्बे वेलवेट के बाद फैंटम के साथ ये मेरी दूसरी फिल्म है और उनके साथ करना में बहुत मजा आ रहा है। एक जबरदस्त फिल्म में उनके साथ दोबारा काम करना बहुत ही रोमांचित करने वाला होगा।
इसके अलावा अनुष्का दो बड़े बैनर की फिल्में रिलीज को तैयार हैं। पहली है आमिर के साथ राजकुमार हिरानी की पीके और रणबीर कपूर के साथ अनुराग कश्यप की बॉम्बे वेलवेट।
Enhanced by Zemanta

ISI links of Khaleda Zia's son a cause of worry for India


ISI links

Hindi News: नई दिल्ली। बांग्लादेश में हाल में बढ़ी हिंसा पर भले ही भारत कोई प्रतिक्रिया देने से बच रहा हो, लेकिन एक शख्स ने उसे खासी चिंता में डाल रखा है। यह कोई और नहीं बल्कि बांग्लादेश की मुख्य विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी प्रमुख खालिदा जिया का बेटा तारिक रहमान है।
तारिक के आतंकी गुटों से संबंध बताए जाते हैं। उसे आइएसआइ और आतंकी दाऊद इब्राहिम का भी खास माना जाता है। भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते देश छोड़कर फिलहाल वह लंदन में है लेकिन उसकी हालिया गतिविधियों ने भारत की नींद उड़ा दी है।
बांग्लादेश में अवामी लीग की सरकार आते ही तारिक रहमान (46) देश छोड़कर चला गया था। तारिक बीएनपी के शीर्ष नेताओं द्वारा खासा पसंद किया जाता है। वह पार्टी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी है।
तारिक की लोकप्रियता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है उसके फेसबुक फालोअर्स की संख्या करीब 2 लाख है। उसने फेसबुक पेज पर 'हसीना मस्ट गो' का बैनर लगाया हुआ है। साथ ही खुलेआम भारत को दुश्मन नंबर-1 बताता है।
Source- News in Hindi 
Enhanced by Zemanta

Why Uday Chopra gave 'Dhoom 3' trailer launch a miss?

Dhoom3
तो इसलिए धूम-3 के ट्रेलर लॉन्च में नहीं आए उदय चोपड़ा
News in Hindi: मुंबई। धूम-3 का जब ट्रेलर लॉन्च हुआ तो फिल्म की अभिनेत्री कट्रीना कैफ के अलावा उदय चोपड़ा के वहां मौजूद न होने से लोग सबसे ज्यादा हैरान थे। अब पता चला है कि उदय दरअसल नरगिस फाखरी के साथ लॉस एंजलिस में छुट्टियां बिता रहे हैं इसलिए वे धूम-3 के इस खास इवेंट में शामिल नहीं हुए।
उदय और नरगिस का रिश्ता किसी से छिपा नहीं है। सूत्रों का कहना है कि नरगिस थाईलैंड में अपनी फिल्म की शूटिंग करने के बाद परिवार के साथ बर्थडे सेलिब्रेट करने के मकसद से न्यूयॉर्क पहुंच गई थीं। न्यूयॉर्क से नरगिस लॉस एंजलिस उदय चोपड़ा के पास पहुंच गई।
उदय चोपड़ा के दोस्तों ने भी इस बात पर हैरान जताई अपनी इतनी अहम फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में शामिल होने के बजाय उदय ने नरगिस के साथ वक्त बिताने को प्राथमिकता दी। मजेदार बात यह है कि नरगिस के प्रवक्ता ने इस बात से इनकार कर दिया है कि वे लॉस एंजलिस में हैं। उनके प्रवक्ता का कहना है कि नरगिस तो थाईलैंड में हैं।

Enhanced by Zemanta

Taliban chief Mehsud killed in drone strike: Pak media


Taliban chief Mehsud

Hindi News: पेशावर/इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान में अमेरिकी ड्रोन हमले में छह तालिबान आतंकियों सहित संगठन का मुखिया हकीमुल्ला महसूद भी मारा गया। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआइए के ड्रोन हमले में महसूद के अलावा उसका चाचा, अंगरक्षक तारिक महसूद और ड्राइवर अब्दुल्ला महसूद भी मारे गए।
पाकिस्तान तालिबान ने हकीमुल्ला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार दोपहर 3 बजे मीरानशाह इलाके में उसको सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, दांडा दरपाखेल के जिस परिसर पर दो मिसाइलों से हमला किया गया, वह पूरी तरह नष्ट हो गया है। हमले के समय परिसर में तालिबान की अहम बैठक चल रही थी। अब तक अधिकारियों की ओर से महसूद के मारे जाने के संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
गौरतलब है कि अमेरिका पाकिस्तान के आदिवासी इलाकों में आतंकियों पर लगातार ड्रोन हमले कर उनकी कमर तोड़ रहा है। हालांकि, इससे पहले भी पाकिस्तान के साथ ही अंतरराष्ट्रीय मीडिया में महसूद के मारे जाने के समाचार कई बार आ चुके हैं, लेकिन वह कुछ समय तक भूमिगत रहने के बाद फिर सामने आ जाता है।
पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ व नेताओं के साथ आज की घटना पर बैठक बुलाकर चर्चा की। चौधरी का दावा है कि ये हमले पाकिस्तान की शांति की कोशिशों पर पानी फेर रहे हैं। उनके मुताबिक शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल तालिबान से बात करने के लिए जाने वाला था।
कुछ ही समय पहले अमेरिका के विशेष बल ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के उप-प्रमुख लतीफ महसूद को अफगानिस्तान में धर दबोचा था। शुक्रवार को किया गया हमला दो दिन में दूसरा ड्रोन अटैक था। गुरुवार के हमले में तीन संदिग्ध आतंकी मारे गए थे। पिछले महीने पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ की अमेरिका यात्रा के बाद भी यह दूसरा ड्रोन हमला था।
Source- News in Hindi 
 
Enhanced by Zemanta

Some facts about aishwarya rai bachchan

aishwarya rai
ऐश्वर्या राय के बारे में कितना जानते हैं आप?
News in Hindi: नई दिल्ली। लाखों दिलों की धड़कन, पूर्व विश्व सुंदरी, बॉलीवुड अदाकारा और बच्चन परिवार की बहू ऐश्वर्या राय बच्चन का आज 1 नवंबर को जन्मदिन है। अपने इस जन्मदिन पर ऐश्वर्या 40 साल की हो गई हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको ऐश्वर्या से जुड़ी 13 ऐसी बातें बता रहे हैं जो उनके फैन होने के नाते आपको पता होनी चाहिए।
1) ऐश्वर्या ने अपना पहला विज्ञापन कैमलिन पेंसिल के लिए किया था और उस वक्त वह 9वीं क्लास में थीं।
2) मॉडलिंग के शुरुआती दिनों में एक किराना स्टोर में ऐश्वर्या का सामना अभिनेत्री रेखा से हो गया था। रेखा ने ऐश्वर्या के ऐड की वजह से उन्हें पहचानकर उनके कंधे पर हाथ देकर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए बधाई दी।
3) ऐश्वर्या का प्रसिद्ध पेप्सी ऐड जो उन्होंने आमिर के साथ किया था, की शूटिंग मुंबई दंगों (1992-93) के दौरान सिर्फ एक रात में पूरी हो गई थी। ऐश्वर्या और आमिर एकमात्र सेलेब्रिटी हैं, जिन्होंने दो प्रतिद्वंदी कोल्ड ड्रिंक्स पेप्सी और कोक दोनों के लिए विज्ञापन किया है।
4) 1942 में आई कासाब्लैंका (अमेरिकी रोमांटिक फिल्म) ऐश्वर्या की पसंदीदा फिल्म है।
5) पूर्व विश्व सुंदरी को घड़ियों का कलेक्शन करना पसंद है जबकि गहने उन्हें बिल्कुल नापसंद हैं।
6) 2005 में ऐश्वर्या से प्रेरित बार्बी डॉल की एक लिमिटेड रेंज ब्रिटेन में रिलीज की गई थी जो हाथो-हाथ चंद मिनट में बिक गई थीं। अब लोग इन्हें संभाल कर रखते हैं।
7) ऐश्वर्या को प्रसिद्धि मिलने से पहले एक टीवी सीरियल में डबिंग के लिए सही ना मान कर उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया था
Enhanced by Zemanta

' Krrish 3' has given Vivek new life: Suresh Oberoi

krrish3
..तो कृष 3 ने विवेक को दिया नया जीवन!
Hindi News: मुंबई। कृष 3 बनाने और उसमें विवेक को काल जैसे दमदार किरदार में लेने के लिए वरिष्ठ अभिनेता सुरेश ओबराय ने निर्माता निर्देशक राकेश रोशन की प्रशंसा की है। सुरेश ने राकेश की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कृष 3 बनाकर और उसमें विवेक को लेकर उसे नया जीवन दिया और साथ ही साथ उसमें नए आत्मविश्वास का संचार भी किया है।
गुरुवार को कृष 3 की स्पेशल स्क्रीनिंग के मौके पर 66 वर्षीय सुरेश ने निर्देशक राकेश की तारीफ करते हुए कहा कि काल के किरदार की तारीफ करने का सीधा मतलब है राकेश की सराहना। रोशन परिवार, फिल्म के हीरो और राकेश रोशन ने विवेक को एक नया जीवन, नया आत्मविश्वास और नई शुरुआत दी है। मुझे नहीं लगता कि इससे बेहतर फिल्म मैंने देखी है।
अपने पिता की बात से सहमत होकर विवेक तो राकेश रोशन को भारत का स्टीवन स्पीलबर्ग करार देते हैं। विवेक कहते हैं कि जो भी पापा ने कहा वो बिल्कुल ठीक कहा। आज मैंने पहली बार यह फिल्म देखी और यह भूल गया कि मैं ही काल हूं। मैंने एक बच्चे की तरह पूरी फिल्म में हंसते और रोते हुए इसका आनंद लिया।
फिल्म में विलेन काल की भूमिका निभा रहे विवेक ने कहा कि राकेश रोशन एक लीजेंड और अपने काम में मास्टर हैं। इस फिल्म से उन्होंने दिखा दिया है कि वो भारत के स्टीवन स्पीलबर्ग हैं।
कृष 3, कृष सीरीज की तीसरी फिल्म है जिसकी शुरुआत कोई मिल गया से हुई थी। इस तीसरी फिल्म में रितिक रोशन कृष की भूमिका में हैं जबकि प्रियंका चोपड़ा और कंगना रानावत इसमें मुख्य भूमिका में हैं। आज 1 नवंबर को यह फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
Enhanced by Zemanta