Rahul Gandhi says Manmohan Singh his political guru


 Congress

संगरूर [जासं]। दागी नेताओं को संरक्षण देने वाले अध्यादेश को बकवास बता उसे फाड़कर फेंकने की बात कहकर प्रधानमंत्री पद की मर्यादा पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब की धरती से उन्हें अपना राजनीतिक गुरु बताकर नुकसान से भरपाई की पूरी कोशिश की। गुरुवार को संगरूर में पीजीआइ के सेटेलाइट सेंटर का शिलान्यास करने के मौके पर आयोजित जनसभा में राहुल ने कहा कि उनके दो राजनीतिक गुरु हैं। एक पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और दूसरे प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह। पंजाब ने उन्हें यह गुरु दिया है, इसलिए वह उसके एहसानमंद हैं।भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों में अंतर बताते हुए राहुल ने कहा कि कांग्रेस लोगों को अधिकार देती है और भाजपा अधिकार अपने पास तक सीमित रखना चाहती है। चाहे रोजगार का अधिकार हो या खाने का या फिर सूचना का अधिकार। ये सभी कांग्रेस की देन हैं। इनसे आम लोगों को शक्ति मिली है।
मोदी पर साधा निशाना : नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने गुजरात में सिख किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस देश में हर व्यक्ति पहले हिंदुस्तानी है, बाद में पंजाबी या गुजराती। पंजाब की सरकार को चाहिए कि सिख किसानों की जमीन को वापस दिलवाने के लिए गुजरात की सरकार से बात करे। राहुल गांधी ने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की चिरपरिचित मांग को उठाकर महिला आरक्षण की मांग को जीवित करने की कोशिश की।
Source- News in Hindi

No comments:

Post a Comment