Showing posts with label Aam Aadmi Party. Show all posts
Showing posts with label Aam Aadmi Party. Show all posts

Infosys ex-board member V Balakrishnan joins Arvind Kejriwal's AAP



Hindi News: नई दिल्ली। देश की राजनीति और उद्योग जगत दोनों में तेजी से बदलाव आ रहा है। साल 2013 के अंत और 2014 की शुरुआत में भारतीय उद्योग जगत की जानी-मानी हस्तियां अब उभरती आप आदमी पार्टी का साथ देने के लिए तैयार हो गई हैं। कुछ साथ जुड़ गए हैं और कुछ संभावित हैं। देश में नई क्रांति की लहर दौड़ाने वाली आम आदमी पार्टी में अब देश की बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस के बोर्ड मेंबर रहे वी बालाकृष्णन भी शामिल हो गए हैं।
बालाकृष्णन ने इंफोसिस के साथ अपने 22 साल लंबे सफर को विराम दे दिया। बाला ने एक अंग्रेजी अखबार ने बातचीत के दौरान कहा कि मैंने मेंबर बनने के लिए 10 रुपये दिए। उन्होंने कहा कि 'आप' किसी भी आइआइटीयन की ओर से शुरू की गई सबसे सफल स्टार्ट-अप है। मैं देश में हो रही इस क्रांति का हिस्सा बनना चाहता हूं।
सिर्फ बाला ही अकेले नहीं हैं। कुछ दिन पहले ही भूतपूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते आदर्श शास्त्री ने एप्पल में अपनी नौकरी छोड़कर आप की सदस्यता ली थी। 'आप' से एक के बाद एक प्रोफेशनल्स के जुड़ने के बारे में एचडीएफसी के चेयरमैन दीपक पारेख ने कहा कि यह भारतीय राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत है। मैं बाला को जानता हूं। वह बेहद ईमानदार और सक्षम व्यक्ति हैं।
आखिर ऐसा क्या है कि इंडियन इंडस्ट्री 'आप' के आइडिया से इतनी प्रभावित है। बढ़े पैमाने पर लोगों का मानना है कि देश पारदर्शिता और साफ राजनीति से जूझ रहा है। इंफोसिस के चेयरमैन एन आर नारायणमूर्ति ने भी एक अंग्रेजी अखबार को कहा था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में 'आप' की शानदार सफलता ने साबित कर दिया है कि वोटर ऐसी पार्टी को गले लगाने को तैयार हैं, जो क्लीन गवर्नेस का वादा करे।
Source- News in Hindi
Enhanced by Zemanta

Arvind kejriwal will take oath on 28 December



Hindi News: नई दिल्ली [जासं]। दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ईमानदार अफसरों का आह्वान करते हुए कहा है कि वह आगे आएं और हमसे संपर्क करें। हमें ईमानदार लोगों की जरूरत है।
केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मेट्रो सेवा का विस्तार होना चाहिए। 'आप' की सरकार बनने के बाद इस काम में तेजी लाई जाएगी। एक सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस का कोई विधायक उनके संपर्क में नहीं है, बस मेरे विधायक ही मेरे संपर्क में हैं। दूसरी, तरफ आज दोपहर एक बजे केजरीवाल के घर पर आप नेताओं की बैठक होनी है, जिसमें विभागों के बंटवारे पर चर्चा की जाएगी।
वहीं, केजरीवाल मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शामिल होने जा रहे मनीष सिसोदिया ने कहा है कि हम किसी के साथ मिलकर सरकार नहीं बना रहे हैं। हमारी अल्पमत सरकार होगी और हम जनता से पूछकर सरकार बनाने जा रहे हैं। एक सवाल के जवाब में सिसोदिया ने कहा कि तेज चलने वाले बिजली मीटरों की जांच होगी। इसके साथ ही कंपनियों के मुनाफे का ऑडिट कराया जाएगा ताकि बिजली का दाम 50 फीसद कम किए जा सके। पानी के मुद्दे पर सिसोदिया ने फिर स्पष्ट किया कि दिल्लीवासियों को 700 लीटर प्रतिदिन पानी खर्च करने के लिए कोई बिल नहीं देना पड़ेगा।
उधर, शपथ ग्रहण में अन्ना हजारे के आने पर सस्पेंस बरकरार है। अन्ना ने कहा कि मेरी सेहत अभी ठीक नहीं है। मैं केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने से खुश हूं। मेरा आशीर्वाद पहले भी था और आगे भी बना रहेगा। गौरतलब है कि केजरीवाल ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए अन्ना हजारे, संतोष हेगड़े और किरण बेदी को निमंत्रण भेजा है। इसके अलावा समारोह में हिस्सा लेने के लिए किसी व्यक्ति विशेष को पार्टी की ओर से न्योता नहीं भेजा जाएगा। इसमें हर आम आदमी आ सकता है।
गौरतलब है कि केजरीवाल शनिवार, 28 दिसंबर को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दोपहर 12 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में उपराज्यपाल नजीब जंग केजरीवाल व उनके मंत्रिमंडल में शामिल छह मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। एक जनवरी को विधानसभा सत्र आहूत किया गया है और तीन को केजरीवाल सदन का विश्वास हासिल करेंगे।
इससे पहले, गाजियाबाद के कौशांबी स्थित पार्टी मुख्यालय में बुधवार को हुई बैठक के बाद केजरीवाल ने मंत्री पद को लेकर पार्टी में किसी प्रकार के मतभेद से इन्कार किया। मंगलवार देर शाम आप विधायक विनोद कुमार बिन्नी की नाराजगी से पार्टी में चिंता पैदा हो गई थी। इसके बाद पूरी रात उनकी मान-मनुहार की गई, तब स्थिति सामान्य हुई और बिन्नी ने कहा, पार्टी जो कहेगी-वह करूंगा। केजरीवाल ने कहा कि आप ने कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं किया है। कांग्रेस का समर्थन 18 सूत्रीय एजेंडे पर है जो उसके पास पत्र की शक्ल में भेजा गया था। केजरीवाल ने संकेत दिया कि पदभार संभालने के फौरन बाद पार्टी के मुख्य वादों को पूरा करने के लिए घोषणाएं की जाएंगी। इन वादों में बिजली के बिलों में कटौती और निजी बिजली वितरण कंपनियों का ऑडिट कराने के निर्देश देना शामिल होगा।
सरकार बनाने के लिए जनमत संग्रह कराने के बाद सोमवार को केजरीवाल ने उपराज्यपाल से मुलाकात कर दिल्ली में सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद उपराज्यपाल ने संस्तुति के लिए पत्र राष्ट्रपति को भेज दिया था। बुधवार सुबह राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आप की ओर से सरकार बनाने के लिए दिए गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।
मैग्सेसे पुरस्कार विजेता केजरीवाल दिल्ली के सातवें मुख्यमंत्री होंगे। विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 28 सीटें जीतीं और वह आठ विधायकों वाली कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने जा रही है। 70 सदस्यों वाली विधानसभा में 36 सदस्यों के समर्थन वाला यह सबसे बड़ा गठबंधन होगा। वैसे निर्दलीय विधायक शोएब इकबाल ने भी केजरीवाल सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने बुधवार को अरविंद केजरीवाल से मुलाकात भी की।
Source- News in Hindi

B Town celebrates 'AAP' victory

राजनीति में 'आप' की धमाकेदार एंट्री से बॉलीवुड में जगी उम्मीद


Hindi News: मुंबई। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। न्यूकमर 'आप' ने सालों से सत्ता पर काबिज कांग्रेस का अपनी झाड़ू से सफाया कर दिया है। जहां एक तरफ चारों ओर आम जनता अपनी जीत का जश्न मना रही है, वहीं आप के पास बधाइयों का तांता लग रहा है। दिग्गज नेताओं के साथ-साथ दिल्ली में केजरीवाल की धमाकेदार एंट्री से बॉलीवुड में खुशी और उम्मीद की लहर फैल गई है। बॉलीवुड ने भी केजरीवाल को उनकी जीत और आने वाली चुनौतियों के लिए जमकर शुभकामनाएं दी हैं।
बॉलीवुड सेलेब्रिटिज के ट्वीट :
-अनुष्का शर्मा ने लिखा कि एक आदमी से क्या बदल सकता है, सारी जिंदगी इसी बात को मानते आए हैं, लेकिन एक इन्सान पूरा सिस्टम बदल सकता है। केजरीवाल ने साबित कर दिया। 'आप' इस नाम में ही एक जादू है, क्रिएटिविटी है, इसके साथ विजन है। जो इतिहास बना सकता है।
-अनुपम खेर ने लिखा कि 'आप' को मुबारकबाद। किरण बेदी, अन्ना हजारे सबकी मुहिम काम कर गई। सबको ढेर सारी शुभकामनाएं।
-दीया मिर्जा ने लिखा कि सबने उन्हें दुत्कार दिया था, लेकिन इन लोगों ने कर दिखाया। अपने आने वाले सफर के लिए तैयार रहिए।
-सोफी चौधरी ने लिखा कि मुबारक हो दिल्ली। दिल्ली के लिए ऐतिहासिक दिन जीत का दिन। 'आप' ने एक मिसाल कायम की है। ये सच में कुछ बदल सकते हैं।
-म्यूजिक कम्पोजर विशाल डडलानी ने लिखा कि 'आप' का प्रदर्शन जबरदस्त था। काश मैं दिल्ली में इस वक्त होता तो साथ में खुशी मनाता। 'आप' ने एक अच्छी शुरुआत की है। मेरा देश जाग रहा है, दिल्ली जाग रही है। अब आप का वक्त आ गया है।
-मधुर भंडारकर ने लिखा कि कभी कभी किसी फिल्म में बड़े स्टार नहीं होते हैं, लेकिन फिल्म का प्रोमो इतना जबरदस्त होता है कि मजा आ जाता है। ठीक उसी तरह 'आप' की शुरुआत भी कुछ ऐसी ही हुई है। राजनीति में नई इतिहास की दस्तक हो चुकी है। क्या पता कब बाद में आप भी हिट हो जाए।

AAP claims to win 38-50 seats in Delhi elections


delhi election

Hindi News:जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुल मतों में से 35.6 फीसद मत मिलने का दावा किया है। नवंबर में पार्टी द्वारा दो चरणों में कराए गए सर्वे में यह बात सामने आई है।
सर्वे में आप के बाद भाजपा के खाते में 26.6 व कांग्रेस को 25.8 फीसद मत मिलने की बात कही गई है।
आप व सिसरो एसोसिएट्स द्वारा कराए गए सर्वे के नतीजे को लेकर पार्टी नेता व चुनाव विश्लेषक योगेंद्र यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उतरने के फैसले के बाद जनाधार टटोलने के लिए पार्टी ने फरवरी में पहला सर्वे कराया था।
उस दौरान अगर चुनाव होता तो आप के खाते में 8.4 फीसद मत आते। लेकिन नवंबर में दो चरणों में कराए गए पांचवे सर्वे में पार्टी की स्थिति काफी मजबूत नजर आ रही है। पहला चरण का सर्वे 35 विधानसभा सीटों से 3,247 लोगों के बीच कराया गया। जबकि 30 नवंबर को दूसरे चरण के सर्वे में 17 विधानसभा सीटों के लिए एक दिन में 1,643 लोगों के बीच सर्वे किया गया। साथ ही, सर्वे की सैंपलिंग रेंडम की गई।
दूसरे ओपिनियन पोल से पार्टी के सर्वे की तुलना करते हुए योगेंद्र यादव ने माना कि नई पार्टी के मजबूती से उभरने पर पारंपरिक ओपिनियन पोल सटीक नहीं होते। हर चरण की तरह इस बार भी सर्वे की सारी डिटेल व रॉ डाटा वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 1983 में आंध्र प्रदेश व 1987 में हरियाणा के चुनाव इस तरह की राजनीति के गवाह रहे हैं। इसमें तेलगू देशम व इंडियन नेशनल लोकदल ने चुनाव पूर्व के सारे आकलनों को झुठला दिया था। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली में भी इसी तरह की साइलेंट वेब चल रही है। इससे पहली चीज यह होने जा रही है कि रिकार्ड तोड़ मतदान होगा। वहीं, चुनाव बाद आने वाले एक्जिट पोल के आंकड़े व ओपिनियन पोल में काफी फर्क होगा।
Source- News in Hindi 
Enhanced by Zemanta