Hindi News: सेंचुरियन। लगातार दो वनडे में शर्मनाक हार के साथ वनडे सीरीज गंवाने वाली भारतीय टीम बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले तीसरे वनडे मैच में जीतकर टेस्ट सीरीज से पहले आत्मविश्वास हासिल करना चाहेगी। भारत की गेंदबाजी पर सवालों के साथ शुरू हुई सीरीज में दो मैचों के बाद भारतीय बल्लेबाजी क्रम पर भी अंगुली उठने लगी है। शुरुआती दो मैचों में दक्षिण अफ्रीका की तेज और उछाल भरी पिचों पर भारतीय बल्लेबाजी की कलई खोल दी। दोनों मैचों में डेल स्टेन का शुरुआती स्पैल भारत के लिए कहर साबित हुआ और उनके पांच ओवर पूरे होते-होते मैच का नतीजा दीवार पर लिखी इबारत की तरह साफ हो गया।
इस सीरीज से पहले भारत का शीर्षक्रम जबरदस्त फॉर्म में था। चाहे वह रोहित शर्मा हों, शिखर धवन या विराट कोहली। तीसरे मैच में भारतीय टीम पर काफी दवाब होगा क्योंकि एक तरफ उनका सामना दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज से है और दूसरी ओर भारत का मध्यक्रम भी अब तक नाकाम रहा है। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी पिछली हार के बाद यह बात स्वीकार कर चुके हैं। सुरेश रैना और युवराज सिंह की खराब फॉर्म भी चिंता का सबब बनी हुई है। इस सीरीज से ठीक पहले भी दोनों का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं था। ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के खिलाफ दोनों का औसत 20 से कम रहा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में टीम प्रबंधन ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग किया और क्रम बदलने से युवी की फॉर्म पर असर पड़ा, लेकिन खराब प्रदर्शन के लिए इसे बहाना नहीं माना जा सकता। वेस्टइंडीज के खिलाफ फिर चौथे नंबर पर उतरे युवराज ने कानपुर मैच में 55 रन की पारी खेली थी, लेकिन वांडर्स पर पहले वनडे में वह सिर्फ दो गेंद ही खेल सके। युवराज और रैना के पक्ष में यह दलील दी जा सकती है कि अनियमित स्पिन गेंदबाजों के तौर पर वह उपयोगी साबित होते हैं।
कप्तान धौनी ने तीसरे वनडे के लिए टीम में अधिक बदलाव की संभावना से इन्कार किया। इसके मायने हैं कि युवराज की जगह फिर अजिंक्य रहाणो को उतारा जा सकता है या फिर अंबाती रायुडू को मौका दिया जाएगा। हालांकि दोनों में से कोई भी कामचलाऊ गेंदबाज नहीं हैं। गेंदबाजों की बात करें तो मुहम्मद शमी के लिए यह दौरा सबक रहा है। उन्होंने दोनों मैचों में छह विकेट चटकाए। उन्हें तीसरे मैच में बाहर रखे जाने की कोई संभावना नहीं दिखती। जहां तक दक्षिण अफ्रीका का सवाल है तो उन्होंने भारत की कमजोरी पकड़ ली है और वह इसी रणनीति पर कायम रहेंगे। तीसरे मैच में जैक्स कैलिस और स्टेन को आराम दिया जा सकता है।
Source- Cricket News in Hindi
No comments:
Post a Comment