Hindi News: नई दिल्ली। कई दिनों की उठापठक के बाद आम आदमी पार्टी में सरकार बनाने के स्वर उठते दिखाई दे रहे हैं। पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कहा है कि आज दो बजे पार्टी की अहम बैठक होगी, जिसमें पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहेंगे और उनके सामने हम अपनी स्थिति और कांग्रेस के समर्थन की चिट्ठी को रखकर विचार करेंगे। जानकारी के मुताबिक पार्टी के कई नेता इस पक्ष में हैं कि कांग्रेस से मिले समर्थन के बाद आप को आगे बढ़कर दिल्ली में सरकार बना लेनी चाहिए। उम्मीद है कि इसकी आधिकारिक घोषणा आज ही कर दी जाए। ऐसे में दिल्ली से सियासी संकट का पटाक्षेप होने की उम्मीद भी बढ़ गई है।
दरअसल कांग्रेस द्वारा उसकी मांगों को मान लेने के बाद आम आदमी पार्टी के पास अब पीछे हटने का कोई चारा नहीं रह गया है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह केजरीवाल द्वारा उसे लिखी चिट्ठी में शामिल मुद्दों का समर्थन करने को तैयार है। इसके बाद भी यदि आप सरकार बनाने से पीछे हटती है तो यह आने वाले दिनों में उसके लिए मुश्किलें पैदा कर सकती है।
गौरतलब है कि चुनाव के बाद सबसे बड़े दल के रूप में उभरी भाजपा ने बहुमत न होने की सूरत में सरकार बनाने से इंकार कर दिया था। इसके बाद ही उप-राज्यपाल ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। इसके साथ ही कांग्रेस ने भी आप को अपने समर्थन की घोषणा करते हुए एक पत्र उपराज्यपाल को भेज दिया था।
इसके जवाब में केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को ही पत्र लिखकर समर्थन की वजह और 18 मुद्दों पर उनके विचार मांगे थे।
Source- News in Hindi
Related-
No comments:
Post a Comment