Robbers crushed Newborn and kept money



मुरादाबाद। मुरादाबाद में मूंढापांडे इलाके में दर्जनभर सशस्त्र बदमाशों ने हैवानियत की हदें पार कर डालीं। रात के अंधेरे में धावा बोलकर 15 दिन के मासूम को पैरों से रौंद कर मार डाला। लुटेरे हथियारों के बल पर दहशत फैलाकर चार घरों से छह लाख का माल लूट कर फरार हो गए। वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस को खरीखोंटी सुनाई।
रविवार रात हुई सनसनीखेज वारदात में सोमवार देर रात तक पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा पाई थी। शर्मनाक तो यह है कि पुलिस ने मामले की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है। इस रिपोर्ट में बच्चे की हत्या का जिक्र तक नहीं है। रविवार रात बदमाश मूंढापांडे के बूझपुर आशा की मिलक गांव में ट्राली मिस्त्री छुन्नू के घर रात 11.30 बजे घर के मुख्य द्वार के नीचे से घुसे। तब छुन्नू खाना खा रहे थे। भीतर घुसते ही बदमाशों ने छुन्नू की कनपटी से तमंचा सटा दिया। उनके दोनों बेटे अपने परिवारों के साथ अलग कमरों में सो रहे थे। कमरे खुलते ही बदमाशों ने परिजनों को बांध दिया। उस समय घर में छुन्नू का बेटा मकबूल पुत्रवधू शमीमजहां, साजिया, बब्बो आदि परिजन मौजूद थे। मतलूब का 15 दिन पहले ही बेटा अमान हुआ था।
बदमाश अमान के सीने पर पैर रखकर संदूक की चाभी मांगने लगे। मां शमीम जहां ने विरोध किया तो बदमाश उसे पीटने लगे। इस बीच पैर के नीचे दबे मासूम अमान की मौत हो गई। बदमाश ने चाभी छीनकर एक लाख रुपये की नकदी, इतनी ही कीमत के जेवरात लूट लिए। रात करीब पौने एक बजे लुटेरे घर वालों को चुप रहने की धमकी देते हुए मुख्य गेट से फरार हो गए।
उसके बाद बदमाश निकटवर्ती गांव गोविंदपुर खुर्द में दो सगे भाइयों सलीम व नईम के घर में घुस गए। दोनों भाइयों के मकान आसपास हैं। बदमाशों ने बरामदे में लेटे सलीम और पत्नी शायरा को तमंचे के बल पर काबू कर लिया। अंदर कमरों में बच्चे बुशरा [10], वसीम [8], तौहीद [6] व फिजा [4] सो रहे थे। दरवाजा खुलवाकर बदमाशों ने उनके घर में रखे चार हजार रुपये, ढाई सौ ग्राम चांदी, दो जोड़ी सोने के कुंडल, चांदी तोड़े और सोने की चेन लूट ली। उसके बाद बदमाशों ने सभी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। दो बदमाश वहीं रुक गए। अन्य सलीम के भाई नईम के घर में कूद गए। नईम के घर पत्नी नाजमा बच्चे गुलिफ्शां [16], भूरी [14], परवीन [12], फयूम [10], काजिम [8] व आजिम थे। बाहर सो रहे नईम और नाजमा को बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर जगाया और दरवाजा खुलवाने को कहा।
दरवाजा खुलते ही बदमाश बच्चियों के साथ अभद्रता करने लगे। इससे घबरा कर नईम और नाजमा ने बक्सों की चाभियां दे दी। बदमाशों ने छह हजार की नकदी और एक लाख के जेवर लूट लिए।
परिवार को कमरे में बंद करने के बाद बदमाशों ने निशाना बनाया कुछ ही दूर रहने वाले फहीम के घर को। फहीम और भाई वसीम, नईम, अयूब, याकूब असलम सिलाई का काम करते हैं। परिवार में मां जायरा है। घर की चहारदीवारी फांदकर बदमाश भीतर घुसे। बदमाशों ने पड़ोस के ही बाहर सो रहे याकूब व वसीम को कवर कर लिया। धमका कर दरवाजा खुलवाया और घर में रखे 25 हजार रुपये नकद, पांच तोला सोना व एक किलो चांदी लूट कर फरार हो गए। रात ढाई बजे से सवा तीन बजे तक बदमाशों ने फहीम के घर घटना को अंजाम दिया। बदमाश सभी को लूटने के बाद कमरों में बंद कर चले गए। इस बीच छुन्नू व परिजनों ने किसी तरह बंधन मुक्त होकर शोर मचाया। साथ ही गोविंदपुर खुर्द में लुटे ग्रामीण शोर मचाकर पड़ोसियों की मदद से बाहर निकले।
Source- News in Hindi

No comments:

Post a Comment