Hindi News: सूरत। आखिरकार सूरत रेप कांड का आरोपी नारायण साई बुधवार को पुलिस की पूछताछ में टूट गया और उसने जमुना के बेटे को अपना बताया। साथ ही उसने आठ अन्य महिलाओं के साथ संबंध होने की बात भी कबूल कर ली। इससे पहले मंगलवार को सूरत के न्यू सिविल हॉस्पिटल में नियमित मेडिकल चेकअप के लिए आए नारायण ने बताया कि वह पीड़िता से आज भी प्यार करता है। उसके मन में पीड़िता के प्रति नफरत नहीं है। वहीं, पीड़िता ने कहा है कि मैं पहले भी नारायण से नफरत करती थी और आज भी करती हूं।
नारायण का यह बयान सुन पुलिस भी कुछ पल के लिए हक्की-बक्की रह गई। हालांकि वह इस बयान को ज्यादा गंभीरता से नहीं ले रही है। पुलिस का कहना है कि एक सामान्य अपराधी अपना गुनाह छिपाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाता है। वैसे ही नारायण कर रहा है।
पुलिस नारायण को लेकर सूरत के जहांगीरपुरा आश्रम पहुंची थी, जहां उस पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। नारायण जैसे ही आश्रम में पहुंचा उसके साधकों ने उसे दंडवत प्रणाम करना शुरू कर दिया। आश्रम में नारायण से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ हुई। नारायण को लेकर पुलिस जब आश्रम से निकली तो उसके साधकों ने उसके समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी।
वीडियोग्राफी भी हुई
सूरत पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने बताया कि आश्रम में जब नारायण को ले जाया गया था उसकी वीडियोग्राफी की गई है। मोनिका अग्रवाल नारायण की सबसे करीबी सहयोगी साधक है। उसके साथ नारायण के शारीरिक संबंध नहीं है।
आसाराम से भी हो सकती है पूछताछ
कमिश्नर ने कहा कि संपत्ति के जो दस्तावेज पुलिस के हाथ लगे हैं, उसकी जांच अभी चल रही है। जरूरत पड़ी तो आसाराम से भी पूछताछ हो सकती है।
पहले भी नफरत करती थी और आज भी करती हूं: पीड़िता
नारायण का बयान सुनकर आरोप लगाने वाली पीड़िता दंग रह गई। पीडि़ता ने मीडिया से कहा नारायण का यह बयान मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाला है। उसने (नारायण) पहले भी मेरा शारीरिक शोषण किया है और आज मानसिक तौर पर परेशान करना चाहता है। इसलिए वह अनाप-शनाप बयान दे रहा है, ताकि मेरी हिम्मत टूट जाए और मेरा केस कमजोर पड़ जाए। पहले भी उससे नफरत करती थी, आज भी करती हूं और भविष्य में ऐसा सोच भी नहीं सकती हूं कि ऐसे आदमी से प्यार करना चाहिए।
उधर, दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता को मंगलवार सुबह क्राइम ब्रांच में नारायण के सामने बैठाकर पुलिस ने करीब सात घंटे तक लगातार पूछताछ की। पूछताछ सूरत पुलिस की डीएसपी शोभा भूतड़ा ने की। पूछताछ में जो कुछ भी सामने आया उसे पुलिस कोर्ट के सामने रखेगी।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment