Team India to get down in Jaipur with a wish to win

 MS Dhoni
अभिषेक त्रिपाठी, जयपुर। टीम इंडिया एक बार फिर तैयार है कंगारू टीम से भिड़ने के लिए, पुणे में जो हाल भारतीय टीम का हुआ उसने कहीं ना कहीं चैंपियंस ट्रॉफी, वेस्टइंडीज दौरा व जिंबॉब्वे दौरे पर मिली जीत की शानदार हैट्रिक के सपने से उठाने का काम किया। सात मैचों की इस सीरीज के दूसरे वनडे में आज जब सवाइ मानसिंह स्टेडियम पर धौनी के धुरंधर उतरेंगे तब जहन में सिर्फ और सिर्फ एक ख्याल होगा और वो है किसी भी तरह वापसी करते हुए 1-1 से बराबरी करना।


गौरतलब है कि आइपीएल और चैंपियंस लीग में खेल चुके कई ऑस्ट्रेलियाई जयपुर के माहौल से भली-भांति परिचित हैं। पिछले मैच में एरोन फिंच ने पुणे वॉरियर्स के अपने साथी भुवनेश्वर कुमार को जमकर पीटा। भारत दौरे पर फिंच दो अर्धशतक लगा चुके हैं। दूसरा वनडे जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में है, जहां हाल ही में चैंपियंस लीग के मैच हुए। यहां किसी के लिए भी घरेलू टीम राजस्थान रॉयल्स को हराना संभव नहीं हो सका। राजस्थान के लिए खेलने वाले शेन वॉटसन और जेम्स फॉकनर अब इस मैदान पर टीम इंडिया के लिए सिरदर्द बनेंगे। इसके अलावा मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले ग्लेन मैक्सवेल भी चैंपियंस लीग से ही ताबड़तोड़ फॉर्म में चल रहे हैं। कप्तान जॉर्ज बेली पिछले तीन मैचों में अर्धशतक लगाकर मजबूती से मध्यक्रम को संभाले हुए हैं।
भारतीय टीम भी आइपीएल के सितारों से सजी हुई है, लेकिन पहले वनडे में उसे जिस तरह हार मिली उससे लगता है कि वह घरेलू परिस्थितियों का फायदा नहीं उठा सके। ओपनर शिखर धवन और रोहित शर्मा को बड़ी पारियां खेलनी होंगी। तीसरे नंबर पर विराट और चौथे नंबर पर सुरेश रैना ही उतरेंगे। पिछले मैच में गेंद से हिट और बल्ले से फ्लॉप रहने वाले युवराज ने मंगलवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया और एक बार फिर से उन पर सभी की निगाहें होंगी। धौनी को दूसरे वनडे के लिए टीम में बदलाव करना होगा। तेज गेंदबाज इशांत शर्मा लय में नहीं हैं, उनकी जगह मुहम्मद शमी को मौका दिया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment