Hindi News: (शिवम् अवस्थी), नई दिल्ली। पहले वनडे में हार के बाद टीम इंडिया ने दूसरे वनडे में जब 360 रन के लक्ष्य को भी आसानी से रौंदते हुए कंगारुओं को पस्त किया, तो ऐसा लगा मानों अब तो इस इन फॉर्म टीम इंडिया से कंगारू बच नहीं सकेंगे..लेकिन तीसरे वनडे में कंगारुओं ने विपरीत हालातों में भी भारत के 300 से ऊपर के स्कोर को धुआंधार अंदाज में हासिल किया और मेजबान टीम को मुंहतोड़ जवाब दिया। अब बारी है चौथे वनडे की जहां पर चूक का मतलब होगा सीरीज की डोर हाथ से तकरीबन निकल जाना, अगर यहां हारे तो सीरीज जीत का सपना जहन से निकाल देना होगा। इस बार मैदान होगा अपने कप्तान साहब का घर (रांची), क्या ऐसे में धौनी कंगारू टीम पर लगाम कस पाएंगे? आइए जानते हैं कि कौन हैं वे कंगारू जिन पर माही को लगाम कसने की जरूरत होगी और जो भारतीय टीम के लिए रांची में सबसे घातक साबित हो सकते हैं..
1. जेम्स फॉकनर:
ये वह खिलाड़ी है जिसने पहले वनडे मैच से ही भारतीय टीम पर दबाव बनाकर रखा है। एक ऑलराउंडर की भूमिका में वह पूरी तरह से फिट बैठे हैं और मौजूदा समय में कंगारू टीम की सबसे मजबूत कड़ी भी हैं। तीसरे वनडे मैच में जब कंगारू टीम अपने 6 विकेट खोकर 303 के लक्ष्य का पीछा करते हुए बुरे दौर से गुजर रही थी, उस समय फॉकनर ने अपने बल्ले से ऐसा कहर बरपाया कि टीम इंडिया तकरीबन एक जीता हुआ मैच भी गंवा बैठी। फॉकनर ने छह छक्कों व दो चौकों की मदद से 29 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाए, इसके अलावा उन्होंने एक विकेट भी लिया था जबकि पहले वनडे में उनकी ही गेंदों ने सबसे ज्यादा भारतीय शिकार किए थे।
2. एरोन फिंच:
पिछले वनडे में फिंच बेशक 38 रन पर आउट हो गए हैं लेकिन अपने करियर के पिछले 6-7 वनडे मैचों में जिस अंदाज में यह कंगारू सलामी बल्लेबाज खेला है, उसने वॉर्नर, पोंटिंग जैसे कई दिग्गज खिलाड़ियों की कमी का अहसास नहीं होने दिया। अपने धुआंधार खेल से रांची में भी फिंच अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं, ऐसे में धौनी के सामने यह शानदार बल्लेबाज एक बड़ी चुनौती रहेगा। अब तक 3 वनडे मैचों में फिंच ने 90.90 के स्ट्राइक रेट से 160 रन बनाए हैं जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं।
3. जॉर्ज बैली:
ये कंगारू कप्तान उन खिलाड़ियों में से है जिनको अब तक शायद कप्तान का वो रुतबा हासिल हो नहीं पाया है जो शायद आज तक बाकी के कंगारू कप्तानों ने हासिल किया। कम अनुभव के बावजूद उनको कप्तानी सौंपने के इस फैसले पर ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं की शुरुआत में काफी आलोचना झेली लेकिन हाल में उनकी कुछ शानदार पारियों ने साबित कर दिया कि वो टीम के छुपा रूस्तम साबित हो रहे हैं। इस सीरीज के पहले वनडे में 85 रनों की मैच जिताऊ पारी और फिर हार के बावजूद सुर्खियां बटोरने वाली दूसरे वनडे की नाबाद 92 रनों की पारी, इस सीरीज का मुख्य आकर्षण रही हैं। उन्होंने अब तक 3 मैचों में 114.58 के शानदार स्ट्राइक रेट से कप्तानी पारियां खेलते हुए सीरीज में 220 रन बनाए हैं और रन बनाने के मामले में शीर्ष पर मौजूद भारत के विराट कोहली (229) से सिर्फ नौ रन ही पीछे हैं।
Source- News in Hindi
Related-
No comments:
Post a Comment