Vijendra Gupta gets threat calls from AAP supporters



Hindi News: नई दिल्ली [जासं]। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को आइएसडी नंबरों से धमकी दी गई है। भाजपा नेता ने इस संबंध में तुगलक रोड थाने में शिकायत दी है। इसके बाद थाना पुलिस व स्पेशल ब्रांच आइएसडी नंबरों की जांच कर रही है।
नई दिल्ली जिले के डीसीपी एसबीएस त्यागी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अभी तक इस संबंध में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। शिकायत में विजेंद्र गुप्ता ने कहा है कि वह मंगलवार शाम को कुछ साथियों के साथ तीस जनवरी मार्ग पर खड़े थे तभी उनके पास आइएसडी नंबर से आए फोन पर किसी ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ क्यों बोलते हैं। वह तुरंत कोई भी विरोधाभासी बयान देना बंद कर दें अन्यथा वह उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे। फोन कटने पर इस व्यक्ति ने तीन मिनट के अंदर दूसरे नंबर से दोबारा फोन कर धमकी देना शुरू कर दिया। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि अगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे तो जनवरी में वह उनका हिसाब करेगा।
इसके बाद तीसरे नंबर से फोन आने पर उन्होंने फोन काट दिया। एक बार फिर किसी अन्य नंबर से फोन आने पर उन्होंने इसे रिसीव नहीं किया तब पांचवी बार इस व्यक्ति ने एसएमएस भेजकर कहा कि उन्होंने डर कर फोन क्यों बंद कर लिया। वे फोन क्यों नहीं उठा रहे हैं। इस पर उन्होंने वहीं से पीसीआर को इस संबंध में सूचित कर दिया था। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नरेश सोलंकी वहां पहुंच गए। उन्होंने थाने जाकर पुलिस को पांचों आइएसडी नंबर व एसएमएस दिखाए। विजेंद्र गुप्ता के अनुसार, फोन करने वाला हिंदी में बोल रहा था।
Source- News in Hindi

No comments:

Post a Comment