Hindi News: नई दिल्ली [प्रणय उपाध्याय]। कश्मीर में आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी और सीमा पर लगातार हो रही घुसपैठ को लेकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह चिंतित भी हैं और खिन्न भी। चुनावी साल में तेजी से बिगड़ रहे घाटी के हालात को लेकर सरकार के मुखिया समेत कई नेताओं की चिंताएं गुरुवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की सुरक्षा संबंधी बैठक में सामने आईं। केरन सेक्टर में सेना और घुसपैठियों के बीच 15 दिन चली मुठभेड़ को लेकर उठे सवालों के बीच पीएम ने अपनी चिंताएं रक्षा मंत्रालय को जता दीं। कश्मीर में सीमा हालात पर बढ़ी फिक्र के बीच रक्षा मंत्री एके एंटनी जल्द ही तीनों सेना प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक बुला सकते हैं।
सेना व पाक घुसपैठियों के बीच दो हफ्ते तक शाला बंट्टू इलाके में चली मुठभेड़ के बाद सेना ने बरामद हथियारों का जखीरा तो दिखाया, लेकिन किसी भी आतंकी का शव नहीं मिला। वह भी तब जब यह मुठभेड़ सीमा पर लगी कंटीली बाड़ के पार भारतीय हद में हुई थी। सेना ने इसमें करीब 40 आतंकियों के शामिल होने की बात कही थी। मुठभेड़ में सेना के छह जवान घायल हुए थे। इस बीच, अभियान के बाद स्वास्थ्य लाभ कर लौटे एंटनी के सीमा हालात की समीक्षा के लिए तीनों सेना प्रमुखों की बैठक बुला सकते हैं। बैठक में सीमाओं पर सुरक्षा हालात और रक्षा तैयारियों की समीक्षा की जानी है। रक्षा मंत्री तीनों सेनाध्यक्षों व शीर्ष अधिकारियों के साथ निर्धारित अंतराल से समीक्षा बैठक करते हैं। बीते कुछ दिनों में सांबा स्थित सेना की यूनिट में आतंकियों के आत्मघाती हमले जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।
Source- News in Hindi
Related-
No comments:
Post a Comment