Hindi News: न्यूयॉर्क। अमेरिकी बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स द्वारा जारी सूची के अनुसार देश के सबसे रईस 100 लोगों में केवल पांच महिलाएं ही शामिल हो पाई हैं। इनकी कुल संपत्ति 8.83 अरब डॉलर (542 अरब रुपये) है। जो शीर्ष-100 की कुल संपत्ति का मात्र तीन फीसद ही है। यदि टॉप-50 पर नजर डाली जाए तो केवल दो महिला कारोबारी ही इसमें शामिल हैं। देश की सबसे रईस महिला का खिताब जिंदल समूह की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल के पास गया है। वहीं, रिलायंस समूह के मुखिया मुकेश अंबानी लगातार छठी बार देश के सबसे बड़े धनकुबेर बने हैं।
पुरुषों और महिलाओं की साझा सूची में सावित्री 14वें नंबर पर हैं। उनके बाद 1.9 अरब डॉलर (116 अरब रुपये) संपत्ति के साथ इंदू जैन दूसरे नंबर पर रही हैं। संयुक्त सूची में वह 29वें पायदान पर हैं। थर्मेक्स की अनु आगा तीसरे बायोकॉन की किरण मजूमदार शॉ चौथे और शोभना भरतिया पांचवें स्थान पर रही हैं। संयुक्त सूची में इनका स्थान क्रमश: 86वां, 96वां और 98वां रहा है।
मुकेश की संपत्ति 21 अरब डॉलर (1,289 अरब रुपये) आंकी गई है। उनकी संपत्ति हर साल तीन फीसद की रफ्तार से बढ़ रही है। दुनिया में स्टील किंग कहलाने वाली लक्ष्मी निवास मित्तल 16 अरब डॉलर (982 अरब रुपये) संपत्ति के साथ दूसरे पायदान पर हैं। सन फार्मा के दिलीप सांघवी 13.9 अरब डॉलर (853 अरब रुपये) के साथ तीसरे नंबर पर रहे। इस साल की सूची में सबसे शानदार प्रदर्शन सांघवी का रहा। संपत्ति 50 फीसद का उछाल आया और उन्होंने तीसरे स्थान पर काबिज विप्रो के अजीम प्रेमजी (847 अरब रुपये) को चौथे स्थान पर धकेल दिया।
अमेरिकी पत्रिका की ओर से मंगलवार को जारी देश के 100 सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में शामिल हस्तियों की आय एक साल की तुलना में करीब तीन फीसद की बढ़ोतरी के साथ 259 अरब डॉलर (15,897 अरब रुपये) पर पहुंच गई। भारत की अर्थव्यवस्था में सुस्ती के कारण अमीरों की संपत्ति में वृद्धि धीमी रही। ऊंची महंगाई दर और डॉलर के मुकाबले रुपये के मूल्य में गिरावट के कारण भी इनकी दौलत बढ़ने की रफ्तार सुस्त पड़ी।
आर्थिक सुस्ती के चलते रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी और आर्सेलर मित्तल के प्रमुख लक्ष्मी मित्तल की निजी हैसियत में विशेष बढ़त नहीं हुई। प्रमुख दवा कारोबारी दिलीप सिंघवी की संपत्ति में 4.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। इस दौरान प्रेमजी की संपत्ति भी 1.6 अरब डॉलर बढ़ी। निर्माण क्षेत्र के शपूरजी पलोनजी समूह के पलोनजी मिस्त्री टाटा संस के बड़े शेयरधारक के रूप में उभरे हैं। लेकिन, उनकी संपत्ति घटकर 12.5 अरब डॉलर (767 अरब रुपये) रह गई। वह चौथे से खिसक पांचवें स्थान पर आ गए। उनके बेटे साइरस मिस्त्री को पिछले साल रतन टाटा ने अपना उत्तराधिकारी चुना था।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment