News in Hindi: नई दिल्ली। साल 2013 कार कंपनियों के लिए कुछ खास नहीं रहा। बिक्री को लेकर ज्यादातर कंपनियां मुश्किलों का सामना झेल रही हैं। ऊंची लागत ने भी कंपनियों का हाल बुरा कर दिया है। ऐसे में ऑटो निर्माताओं को अपनी कारों की कीमत बढ़ाने के अलावा दूसरा रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है। दिसंबर साल का आखिरी महीना है और इसी माह तक कारों को खरीदना कुछ सस्ता पड़ सकता है, क्योंकि अगले माह जनवरी से कंपनियां अपनी कारें महंगी करने जा रही हैं।
लग्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी और बीएमडब्ल्यू ने जनवरी में कार महंगी करने की घोषणा कर दी है। इनका साथ देने के लिए मारुति, हुंडई और जनरल मोटर्स भी अपनी कारों को महंगी करने की तैयारी कर रही हैं।
कंपनियों के बीच इस बात को लेकर सहमति बन रही है कि जनवरी से दाम बढ़ाने का ऐलान करने से कार खरीदने का मन बना रहे लोग दिसंबर में ही खरीदारी करेंगे और कंपनियों की सेल्स को रफ्तार मिलेगी। ऑडी और बीएमडब्ल्यू ने तो जनवरी में कीमत 5-10 फीसद बढ़ाने की घोषणा कर भी दी है।
अंग्रेजी अखबार में छपी एक खबर के मुताबिक, हुंडई मोटर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमने यह तो तय नहीं किया है कि कीमतें कितनी बढ़ाई जाएंगी, लेकिन जनवरी से हमारे ज्यादातर मॉडल महंगे हो जाएंगे। मारुति सुजुकी ने भी इशारा किया है कि बढ़ती लागत और रुपये की घटती वैल्यू को देखते हुए वह अपनी कारों के दाम बढ़ाएगी। जनरल मोटर्स अपनी कारों और मल्टी यूटिलिटी व्हीकल्स के दाम 1-2 फीसद बढ़ाने का ऐलान जल्द करने वाली है। साल नवंबर में कार सेल्स में 8 फीसद कमी आई थी। यह चार साल में पहली गिरावट थी। यह ट्रेंड लगातार बना रहा। इस साल बिक्री 6 फीसद घटी है। घाटे को मात देने के लिए कार कंपनियों ने इस साल 4-5 बार दाम बढ़ाए। हालांकि रिटेल एंड पर उन्हें डिस्काउंट भी देने पड़े, ताकि शोरूम से गाड़ियां निकल सकें। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर जनवरी में दाम बढ़ाएगी। सितंबर में इसने पैसेंजर व्हीकल्स के दाम 1.5 फीसद बढ़ाए थे।
Source- Business News in Hindi
Related-