Hindi News: गुवाहाटी। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार का कहना है कि जब उन्हें 'भारत का सबसे गरीब मुख्यमंत्री' कहा जाता है, तो उन्हें शर्म महसूस होने की बजाय अच्छा लगता है।
माणिक सरकार ने कहा, मुझे उन रिपोर्टो को पढ़कर अच्छा लगता है, जिनमें मेरे आर्थिक स्तर का जिक्र किया जाता है। लोग जब इस बारे में बात करते हैं, तो मुझे वाकई अच्छा लगता है। माणिक सरकार की कुल चल एवं अचल संपत्ति की कीमत ढाई लाख रुपये से भी कम है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने जनवरी में पिछले विधानसभा चुनावों में धनपुर निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन दाखिल करते हुए अपने शपथपत्र में बताया था कि उस समय उनके हाथ में 1,080 रुपये नकद राशि थी। इसके अलावा उनके पास 432 स्क्वॉयर फीट का टीन की छत वाला एक पुश्तैनी घर है। इस घर की बाजार कीमत फिलहाल दो लाख 20 हजार रुपये के करीब है।
शपथपत्र के अनुसार उनके बैंक खाते में मात्र 9,720 रुपये हैं। यह पूछे जाने पर कि राजनेताओं के बीच भ्रष्टाचार के इस दौर में वह इतनी स्वच्छ छवि कैसे बनाए हुए हैं, माणिक सरकार ने कहा, इसका श्रेय मेरी पार्टी को जाता है। पार्टी ने मुझमें ये संस्कार डाले हैं।
हालांकि, माणिक सरकार की पत्नी पांचाली भट्टाचार्य की संपत्ति उनसे बहुत ज्यादा है। पांचाली के पास करीब 24 लाख रुपये की कैश फिक्स्ड डिपॉजिट है। इसके अलावा उनके पास 20 ग्राम सोना और 22 हजार रुपये कैश है। वह केंद्र सरकार में अधिकारी रह चुकी हैं। उनके पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि पांचाली को यह संपत्ति रिटायर होने के बाद मिली है। माणिक सरकार और उनकी पत्नी के पास किसी तरह की चल संपत्ति नहीं है और उनकी कुल अचल संपत्ति की कीमत साढे़ 24 लाख रुपये के करीब है।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment