Hindi News: जागरण संवाददाता, इलाहाबाद। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन के उपसचिव लखन लाल मीणा के खिलाफ धूमनगंज थाने में अपहरण और दुराचार की रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह आरोप उन पर उनकी पत्नी ने लगाए हैं। मीणा इन दिनों अजमेर में तैनात हैं। अदालत के निर्देश पर पुलिस उनके खिलाफ एफआइआर लिखकर छानबीन कर रही है। फिलहाल सीबीएसई सचिव पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
धूमनगंज के हरवारा मोहल्ले में रहने वाली एक महिला का आरोप है कि इलाहाबाद में तैनाती के दौरान लखन लाल मीणा उसके यहां बतौर किराएदार आए थे। एक दिन उन्होंने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और अचेतावस्था में उसके साथ दुराचार किया। इस दौरान लखन लाल ने उसकी वीडियो क्लीपिंग भी बनाई।
महिला का कहना है कि लोक-लाज के डर से उसने यह बात किसी से नहीं बताई। 25 नवंबर, 2009 को मीणा ने उसे वीडियो क्लिपिंग के सहारे धमका कर जबरन शादी कर ली। शादी के बाद उनकी एक औलाद भी हुई। शादी के कुछ दिनों तक तो सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। उसके बाद अचानक उनका रवैया बदलने लगा। इसी बीच उनका अजमेर तबादला हो गया। महिला का कहना है कि उसने कई बार उनसे साथ ले चलने की गुजारिश की मगर वह किनारा करते रहे।
काफी दबाव डालने पर 16 अगस्त को वह उन्हें लेने आए। वह बेटे को साथ लेकर उनके साथ चलने को तैयार हुई तो सूबेदार गंज स्टेशन पर ट्रेन चलते ही उन्होंने बेटे को नीचे उतार दिया और उसे अगवा करने की कोशिश की। उसने शोर मचाया तो थोड़ी दूर पर उन्होंने उसे भी नीचे उतार दिया।
महिला का आरोप है कि उसने इस बारे में पहले धूमनगंज पुलिस से शिकायत की मगर उसकी सुनवाई नहीं हुई। परिणामस्वरूप उसने सीजेएम की शरण ली। अदालत के आदेश पर लखन लाल मीणा के खिलाफ अपहरण और दुराचार की रिपोर्ट लिखी गई।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment