Top Hindi News: नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के नाम पर कांग्रेस नेताओं के बदल रहे बयानों को भाजपा ने हताशा और हार करार दिया है। पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस 'डिप्रेशन के डेंगू' से पीड़ित है। यही कारण है कि कभी तो वह मोदी को चुनौती मानने से इंकार करते हैं तो कभी उन्हें चुनौती मानने लगते हैं।
गौरतलब है कि वित्त मंत्री पी. चिदंबरम द्वारा मोदी को कांग्रेस के लिए चुनौती करार देने के अगले ही दिन गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने उनके बयान को खारिज कर दिया था। चिदंबरम का जिक्र किए बिना शिंदे का कहना था कि 'मैं दूसरों के बारे में नहीं कह सकता, लेकिन अपनी और पार्टी की ओर से कह रहा हूं कि कांग्रेस के लिए मोदी कोई चुनौती नहीं है।'
नकवी ने मंगलवार को कांग्रेस के चुनावी अभियान पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस मोदी के भाषणों में इतिहास और भूगोल ढूंढ़ती रहती है। जबकि उसे अपने वर्तमान सरकार का हिसाब देना चाहिए। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी जनता के सेवक की बजाय राजा, महारानी और युवराज की तरह व्यवहार करते हैं।
राज्यों के विकास का भी श्रेय लेने की कोशिश में ऐसा बयान देते हैं जैसे वह अपने व्यक्तिगत शाही खजाने से पैसा देते हों। लोकतंत्र में यह अस्वीकार्य है। मोदी के बाबत चिदंबरम के बयान पर भी उन्होंने चुटकी ली और कहा कि कांग्रेस चाहे न चाहे उन्हें हार का अहसास होने लगा है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने मोदी को चुनौती करार दिया था तो कांग्रेस के अंदर ही कई नेताओं ने उन्हें कठघरे में खड़ा कर दिया था। यहां तक कि उन्हें मोदी के साथ ही जाने की हिदायत भी दे दी थी। दरअसल, कांग्रेस मोदी और राहुल की तुलना से बचना चाहती है। अब चिदंबरम ने भी मोदी को चुनौती मान लिया है।
Source- News in Hindi
No comments:
Post a Comment