Hindi News: मोहाली [खेल संवाददाता]। टीम इंडिया और कंगारुओं के बीच नंबर वन की जंग विध्वंसक रूप लेते जा रही है। सात मैचों की सीरीज के पहले दो मैचों में हमने जीत हासिल करने के लिए बल्लेबाजों को क्रूरता की हदें पार करते देखा। एक-एक की बराबरी पर चली रही दोनो टीमों शनिवार को सीरीज के तीसरे मुकाबले में 2-1 की मनोवैज्ञानिक बढ़त लेने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वर्चस्व की इस लड़ाई में कुल मिलाकर मोहाली में सीरीज के आगे का रास्ता एक तरह से तय होगा। चौकों और छक्कों की बरसात देखने के लिए मैदान में आने वाले दर्शकों को फिर से रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। मैच में एक बार फिर ओस अहम भूमिका निभा सकती है।
धौनी एंड कंपनी को फिर दिखना होगा दमखम :
जयपुर में अद्भुत, असाधारण और अविश्वसनीय खेल दिखाने वाली धौनी एंड कंपनी को मोहाली में भी पिछले मैच जैसा दमखम दिखाना होगा। पिछले मैच में 360 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को टीम ने 39 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था। टीम को यह लय बरकरार रखनी होगी।
गेंदबाजी बनी हुई है कमजोर कड़ी :
भारतीय बल्लेबाज टॉप फॉर्म में हैं वहीं दूसरी तरफ गेंदबाज कमजोर कड़ी बने हुए हैं। इस कमजोर कड़ी का फायदा भारतीय परिस्थितियों से लगभग अभ्यस्त हो चुके कंगारू कप्तान जॉर्ज बेली और उनकी टीम बखूबी उठा रही है। खासकर अनुभवी इशांत शर्मा और विनय कुमार कंगारू बल्लेबाजों के निशाने पर हैं। भारतीय ट्रंप कार्ड आर अश्विन भी कंगारुओं को परेशान नहीं कर सके हैं। इसी भारतीय गेंदबाजी के समक्ष कंगारू टीम ने पिछले मैच में पांच अर्ध शतक लगाने का नया रिकॉर्ड कायम किया था। समस्या यहीं पर खत्म होती नहीं दिखती रात में पड़ने वाली ओस जहां अहम भूमिका निभा सकती है तो वहीं, इन हालात में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को लाभ मिल सकता है। ऐसे में अगर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी के बाद स्कोर बचना पड़ा तो यह किसी चुनौती से कम नहीं होगा। धौनी के लिए इस विभाग में फेरबदल करना जरूरी होगा। वह बेंच पर बैठे अमित मिश्रा, मुहम्मद शमी से लेकर उनादकट को भी आजमा सकते हैं।
Source- Cricket News in Hindi
No comments:
Post a Comment