नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के छोटे से गांव डौंडियाखेड़ा में खजाने की खोज पर भाजपा के पीएम पद उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की तगड़ी चुटकी ली है। मोदी ने शुक्रवार को चेन्नई में कहा, एक सपने पर खजाने की खुदाई में जुटी केंद्र सरकार पूरी दुनिया में जगहंसाई करा रही है। बेहतर हो कि स्विट्जरलैंड के बैंकों में जमा काला धन निकाल लाए, तो वह इस सपने के धन से ज्यादा होगा। वहीं, कांग्रेस ने मोदी पर पलटवार किया कि खुदाई सपने के आधार पर नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अध्ययन के बाद हो रही है।
विदेशी मीडिया में फिलहाल डौंडियाखेड़ा में खजाने की खुदाई का मुद्दा छाया हुआ है। चुटकुले चल रहे हैं,मजाक भी उड़ाया जा रहा है कि एक संत के सपने के आधार पर भारत सरकार ने एक हजार टन गड़े सोने को निकालने के लिए खुदाई शुरू करा दी है। इसी पर मोदी ने चेन्नई जाकर केंद्र सरकार पर हमला बोला साथ ही काले धन का मुद्दा भी उठा दिया। मोदी ने कहा,जिस तरह सोने के खजाने का दावा किया जा रहा है और सरकार ने भी खुदाई के लिए लोगों को भेज दिया, इस बात पर पूरी दुनिया मजाक उड़ा रही है। अगर हिंदुस्तान की सरकार स्विटजरलैंड के बैंक में लुटेरों ने जो धन छिपा रखा है, उन्हें वापस ले आए तो 1000 टन सोना खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने हाल ही में आए समुद्री तूफान का जिक्र करते हुए कहा, फेलिन की वजह बदलाव का तूफान है, पूरे देश में परिवर्तन की छटपाहट है। हालांकि फेलिन से ओडिशा,आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल व बिहार में वैसी तबाही नहीं मची जैसी आशंका थी, लेकिन देश के लोग बदलाव और कांग्रेस मुक्त भारत की लहरों को महसूस कर रहे हैं। मोदी चेन्नई प्रवास के दौरान नानी पालिकावाला संस्थान में व्याख्यान देने के साथ ही अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पत्रकार अरुण शौरी की किताब का लोकार्पण भी करेंगे।
किसने, क्या-कहा
''एक सपने पर खजाने की खुदाई में जुटी केंद्र सरकार पूरी दुनिया में जगहंसाई करा रही है।''
- नरेंद्र मोदी
''मैं चाहता हूं कि शोभन सरकार का सपना सच हो। डौंडियाखेड़ा ही क्यों राज्य के हर जिले में सोने की खदान निकले।''
Source- News in Hindi , Hindi News

No comments:
Post a Comment