अभिषेक त्रिपाठी, जयपुर। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरी बार में तीन सौ उनसठ का चक्रव्यूह तोड़ने में सफल हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को दूसरे वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत के खिलाफ पहले खेलते हुए तीसरी बार 359 रनों का स्कोर बनाया था और पहली बार टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करते हुए 43.3 ओवर में एक विकेट पर 362 रन बनाकर जीत हासिल करने में सफल रही।
भारत में ऑस्ट्रेलियाई टीम का यह सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भारत के बाहर ऑस्ट्रेलिया दो बार टीम इंडिया के खिलाफ 359 का स्कोर बना चुकी है। पहली बार 23 मार्च, 2003 को विश्व कप फाइनल में रिकी पोंटिग के नाबाद 140 रनों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर यही स्कोर बनाया था। भारत वह मैच 125 रनों से हारा था। इसके बाद आठ फरवरी, 2004 को कंगारुओं ने सिडनी में पांच विकेट के नुकसान पर इतने ही रन बनाए। यह मैच भारत 208 रनों से हारा था।
इससे पहले भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा स्कोर सात विकेट पर 354 रन था। 28 अक्टूबर, 2009 को नागपुर में हुए मैच में धौनी की 124 रनों की पारी की बदौलत भारत ने पहले खेलते हुए यह स्कोर बनाया था, जिसका पीछा करते हुए कंगारू 255 पर ऑलआउट हो गए थे। इसके अलावा लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच नवंबर, 2009 को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सचिन के 175 रनों की पारी की बदौलत 347 रन बनाए थे। लेकिन यह मैच भारत तीन रन से हारा था।
Source- Cricket News in Hindi
Related-
No comments:
Post a Comment